त्योहारों पर रायपुर पुलिस का विशेष अभियान, 91 आरोपी गिरफ्तार, 52 वारंट तामील

Follow Us

रायपुर। त्योहारों के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बड़ा विशेष अभियान चलाया गया। 4 नवम्बर से 10 नवम्बर तक चले इस अभियान में पुलिस ने 91 आरोपियों को गिरफ्तार किया, 52 वारंटों की तामिली की और 135 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। यह अभियान पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन एवं सतत मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) राहुल देव शर्मा की प्रभावी मॉनिटरिंग में चलाया गया। इसमें पश्चिम क्षेत्र के थाना पुरानी बस्ती, डी डी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेन्द्र नगर, टिकरापारा एवं मुजगहन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।

अभियान में हुई प्रमुख कार्रवाई

1. वारंटियों पर कार्रवाई –
फरार वारंटियों की धरपकड़ करते हुए पुलिस ने 13 स्थायी वारंट एवं 39 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 52 वारंटों की तामिली की। अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध 09 प्रकरणों में 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 75.24 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। अवैध रूप से हथियार रखने एवं लेकर घूमने वालों के विरुद्ध 08 प्रकरणों में 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 07 चाकू एवं 01 देशी कट्टा जब्त किया गया।

जुआ खेलने एवं खिलाने वालों के विरुद्ध 22 प्रकरणों में 73 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 62,900 रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध 01 प्रकरण में 01 आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.724 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले 135 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

फ्रूट जूस उद्योग से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बने, बीजापुर के युवा उद्यमी जतिन कोर्राम

अभियान रहेगा जारी –
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट पश्चिम क्षेत्र ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों, अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी एवं सघन चेकिंग की जाएगी।