बेंगलुरु। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को गोला-बारूद की जब्ती से जोड़ने वाले आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे के बीच राजनीतिक टकराव बुधवार को और बढ़ गया। खरगे के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक जानकारी और छेड़छाड़ की गई तस्वीर साझा करने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। बेंगलुरु के बनशंकरी पुलिस थाने में तेजस ए. गौड़ा की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 192, 196 और 353 के तहत खड़गे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि खरगे की पोस्ट से गलत जानकारी फैल सकती है, तनाव पैदा हो सकता है और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है। पुलिस ने हालांकि अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।
एनएसई ने निवेशकों और ट्रेडिंग सदस्यों के लिए वेब और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर जोड़े नए डिजिटल फीचर्स
यह विवाद खरगे की उस सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने बिहार और हरियाणा में 44,250 कारतूसों की बरामदगी को लेकर आरएसएस और भाजपा पर सवाल उठाए थे। उन्होंने गोला-बारूद की जब्ती से जुड़े कुछ लोगों और आरएसएस स्वयंसेवकों के बीच कथित समानता की ओर ध्यान दिलाते हुए इस घटना में संगठन की संभावित भूमिका पर सवाल उठाए थे। उनकी पोस्ट पर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी और खरगे से अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने को कहा। उन्होंने मंत्री पर आरएसएस को निशाना बनाने के लिए कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई या कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार तस्वीर का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया।
हनुमान अंश सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया पर अपने अगले अध्याय की शुरुआत करने के लिए तैयार
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या और पार्टी के अन्य नेताओं ने खरगे से उनके दावों के प्रमाण मांगे। इसके बाद आरएसएस, गोला-बारूद की जब्ती और मंत्री की ओर से साझा की गई तस्वीर की प्रामाणिकता को लेकर राजनीतिक विवाद और व्यापक हो गया। खरगे ने आरएसएस की आलोचना जारी रखी है और संगठन तथा उसके समर्थकों को चुनौती देते हुए इस मामले में उनकी भूमिका पर सवाल उठाए हैं। ताजा शिकायत से इस राजनीतिक विवाद में कानूनी पहलू भी जुड़ गया है। भाजपा जहां मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं खरगे की टिप्पणियों के कारण गोला-बारूद की जब्ती और आरएसएस से उसके कथित संबंध का मुद्दा चर्चा के केंद्र में बना हुआ है। शिकायत के आधार पर अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। खरगे के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच की जानी बाकी है।
