रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन की बढ़ीं मुश्किलें, जमीन के नाम पर शराब कारोबारी से 36 लाख की धोखाधड़ी का आरोप

Follow Us

रायपुर। राजधानी में जमीन की बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन पर दूसरे की जमीन को अपना बताकर शराब कारोबारी से 36 लाख रुपये लेने का आरोप लगा है। आशीष जायसवाल की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल के अनुसार, परिचित जगदीश जायसवाल के माध्यम से उसकी मुलाकात दीपक और बरखा टंडन से हुई थी। जगदीश ने उन्हें 1600 वर्गफुट की जमीन के बारे में बताया था, जहां वर्तमान में एटमॉस्फेरिया संचालित हो रहा है। बताया गया था कि जमीन के साथ रेस्टोरेंट भी बिक्री के लिए उपलब्ध है।

ऑनलाइन और नकद मिलाकर दिए 36 लाख रुपये
सौदे की बातचीत आगे बढ़ने पर आशीष जायसवाल और उसके दोस्त ने दीपक और बरखा के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की। शुरुआत में एक लाख रुपये टोकन मनी के रूप में दिए गए। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में कुल 30 लाख रुपये ऑनलाइन भेजे गए। वहीं, होटल पहुंचकर पांच लाख रुपये नकद भी दिए गए। इस तरह कुल 36 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

जमीन दूसरे के नाम पर होने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, बाद में जांच करने पर पता चला कि संबंधित जमीन दीपक और बरखा टंडन के नाम पर नहीं है। इसके बाद जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने और एसटी-एससी एक्ट के मामले में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दिए जाने का आरोप है।

दीपक पुलिस रिमांड पर, पत्नी हिरासत में
शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बरखा टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि दीपक टंडन और उनकी पत्नी के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। ताजा शिकायत के बाद अन्य संभावित पीड़ितों के भी सामने आने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और जमीन के स्वामित्व संबंधी रिकॉर्ड की जांच कर रही है।