कोरबा में चलती यात्री बस के गियर बॉक्स में लगी आग, 25 यात्रियों की अटकी सांसें; चालक की सूझबूझ से टला हादसा

Follow Us

कोरबा। कोरबा-बिलासपुर मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती यात्री बस के गियर बॉक्स में अचानक आग लग गई। बस के केबिन में धुआं भरने से यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। स्थिति को समझते हुए चालक ने तुरंत बस रोक दी और उसमें सवार करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात है कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, यादव बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कटघोरा तहसील चौक के पास गियर बॉक्स से धुआं निकलने लगा और आग लग गई। चालक ने बिना देर किए बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि गियर बॉक्स करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया।

दूसरी बस से यात्रियों को भेजा गया
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। बाद में यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई, जिसके जरिए उन्हें उनके गंतव्य तक रवाना किया गया। चालक की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।