गोवर्धन तिहार पर भूपेश बघेल का BJP सरकार पर हमला, धान खरीदी से लेकर SIR तक उठाए सवाल

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर स्थित अपने निवास पर परिवार के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों से गोवर्धन तिहार मनाया। इस दौरान उन्होंने कई राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। धान खरीदी, गिरदावरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे, SIR और राहुल गांधी को लेकर उन्होंने अपनी बात रखी। साथ ही देश में समाज और भगवान के नाम पर बांटने की राजनीति होने का आरोप लगाया।

डबल इंजन सरकार और PM मोदी पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश इस समय संक्रमण काल से गुजर रहा है। कुछ लोग देश में विद्रोह पैदा करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भेष बदलने में माहिर हैं।बघेल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री जवानों को संबोधित करते हुए दिमागी नक्सलियों को खत्म करने की बात करते हैं, जबकि सरकार का विरोध करने वालों को दिमागी नक्सली कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने ही देश के लोगों को गाली देने का काम कर रहे हैं। वहीं, राहुल गांधी सभी की आवाज उठाने का काम कर रहे हैं।

धान खरीदी और गिरदावरी को लेकर सरकार को घेरा
धान खरीदी के मुद्दे पर भूपेश बघेल ने राज्य सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का समय आ गया है, लेकिन पटवारी हड़ताल पर हैं। गांव में एक कोटवार ने उन्हें बताया कि गिरदावरी के दौरान उनके परिवार की चार एकड़ जमीन रिकॉर्ड से कट गई है।बघेल ने कहा कि किसान परेशान हैं और गिरदावरी में भी कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि राइस मिलर्स अब तक केवल 25 प्रतिशत चावल ही जमा कर पाए हैं, जबकि 75 प्रतिशत चावल जमा होना बाकी है।उन्होंने कांग्रेस के सभी विधायकों से इस मुद्दे पर विधानसभा में सवाल उठाने की अपील की। साथ ही कहा कि वर्ष 2021-22 और 2022-23 धान खरीदी के लिहाज से गोल्डन टाइम थे।

धीरेन्द्र शास्त्री पर भी कसा तंज
भूपेश बघेल ने देश में धर्म और जाति के नाम पर बांटने की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब भगवान के नाम पर भी लोगों को बांटने की कोशिश हो रही है। कथावाचक धीरेन्द्र शास्त्री पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम और कृष्ण को भी बांटकर रख दिया गया है। उन्होंने पर्ची देखने वाले कथावाचकों पर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे समाज में विकृति आती है।

SIR और राहुल गांधी को लेकर कही ये बात
SIR के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को घेरते हुए दावा किया कि 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में वैज्ञानिक सोच की जरूरत है और अंधविश्वास के खिलाफ लड़ाई लड़नी चाहिए। इसके लिए पढ़े-लिखे और समाज की समझ रखने वाले लोगों को आगे आना होगा।राहुल गांधी का समर्थन करते हुए बघेल ने कहा कि वे अन्याय, अत्याचार और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। संविधान की रक्षा के लिए राहुल गांधी संघर्ष कर रहे हैं और ऐसी लड़ाई हम सभी को लड़ने की जरूरत है।

परिवार के साथ की गोवर्धन पूजा, राउत नाचा ने बांधा समां
गोवर्धन तिहार के अवसर पर भूपेश बघेल ने अपने रायपुर स्थित निवास पर परिवार सहित गौवंश की पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोक कलाकारों ने राउत नाचा की शानदार प्रस्तुति दी। पारंपरिक उत्सव के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी चर्चा का विषय बनी रही।