राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को सम्मानित, 11 नवंबर को मिलेगा स्वच्छता पुरस्कार

Follow Us

रायपुर । स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन हुआ है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में इन शहरों को सम्मानित करेंगी।केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सुबह 11:30 बजे से स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव समारोह में शामिल होंगे। उनके साथ विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल तथा पुरस्कार के लिए चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

सफाई मित्रों और नागरिकों की भागीदारी से मिली सफलता
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चुना गया है। इस बार सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसके माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया है।प्रदेश के चयनित शहरों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नगरीय निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों तथा आम नागरिकों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।गौरतलब है कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को पिछले वर्ष भी स्वच्छ सर्वेक्षण में पुरस्कार मिला था। इस बार दोबारा राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने से प्रदेश की स्वच्छता संबंधी उपलब्धियों को नई पहचान मिली है।