रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर के साथ ही ठंड का असर बढ़ने लगा है। पोस्ट मानसून गतिविधियां थमने के बाद प्रदेश के कई शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर, अंबिकापुर, राजनांदगांव और दुर्ग समेत कई इलाकों में पारा करीब 1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश के आसार नहीं हैं और न्यूनतम तापमान में भी विशेष बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
सुबह-शाम बढ़ने लगी ठिठुरन
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में सुबह और शाम ठंड महसूस होने लगी है। सुबह धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि रात के समय तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव के संकेत नहीं हैं।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, 10 नवंबर को राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बीते 24 घंटे में अंबिकापुर सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान दुर्ग में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि एक दिन पहले यह 12.9 डिग्री सेल्सियस था।
प्रदेश के ऊपर बनी हुई है द्रोणिका
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। यह समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। फिलहाल इसके बावजूद प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
