रायपुर। नवंबर का पहला सप्ताह बीतने के साथ ही मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। प्रदेश के कई शहरों में रात के समय ठंड का असर महसूस होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की गतिविधियां थम गई हैं।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 9 नवंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान दुर्ग में सबसे अधिक 32.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम प्रणाली का क्या है असर?
समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर दक्षिण छत्तीसगढ़ से झारखंड होते हुए उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तक एक द्रोणिका बनी हुई है। हालांकि, इसके बावजूद प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
अगले दो दिनों में कितना गिरेगा तापमान?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का असर और बढ़ सकता है।
