दिवाली से पहले दिल्ली सरकार की खाद्य दुकानों पर बड़ी कार्रवाई, 8 प्रतिष्ठानों को नोटिस; 100 किलो खराब खाद्य सामग्री नष्ट

Follow Us

नई दिल्ली। दिवाली के त्योहार से पहले लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 40 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए, जबकि करीब 100 किलोग्राम खराब खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई। वहीं, स्वच्छता मानकों में कमी पाए जाने पर आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए।

मंडोली की डेयरी में मिली खराब खाद्य सामग्री
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और शाहदरा दिल्ली में जांच के दौरान खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू, गुलाब जामुन और ड्राई फ्रूट गिफ्ट पैक सहित 22 नमूने लिए। मंडोली एक्सटेंशन स्थित एक डेयरी में दुर्गंधयुक्त खोया, रसगुल्ले और मच्छरों व मक्खियों से दूषित दूध मिला। इसके बाद करीब 100 किलोग्राम खराब खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

12 प्रतिष्ठानों का किया गया निरीक्षण
दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। यहां मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों सहित 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान लड्डू, बर्फी, कलाकंद, रसगुल्ला, खोया, छेना, पनीर, घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 18 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। वहीं, निहाल विहार स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई में शिकायत के आधार पर जांच की गई। यह इकाई बिना FSSAI पंजीकरण के संचालित होती पाई गई। यहां से भी तीन नमूने लिए गए।

स्वच्छता में कमी पर 8 प्रतिष्ठानों को नोटिस
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ साफ-सफाई और स्वच्छता मानकों की भी जांच की गई। नियमों का पालन नहीं करने वाले आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से नमूनों की रिपोर्ट आने और निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हर परिवार को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिले। खाद्य पदार्थों में मिलावट और दूषित सामग्री की बिक्री लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। सरकार इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों का नियमित निरीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।