रायपुर। छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर में 5 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा और रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के नेतृत्व में दोपहर 3 बजे सुभाष स्टेडियम परिसर से नगर घड़ी चौक तक पदयात्रा निकाली गई।
पदयात्रा से पहले सुभाष स्टेडियम परिसर में आयोजित सभा में रायपुर शहर और रायपुर ग्रामीण के हजारों भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य अराजकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो सब ठीक रहता है, लेकिन चुनाव हारने के बाद चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगती है।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उन्हें जबरदस्ती प्रधानमंत्री बनाने के लिए आगे बढ़ा रही है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है हम इस पड़ोसी देश नेपाल और बांग्लादेश नहीं बनने देंगे।
सभा को रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने भी संबोधित किया। भाजपा नेताओं ने इस पदयात्रा के जरिए कांग्रेस की नीतियों और विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाए। रायपुर में आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया।
