प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु उपयोगी जनसंपर्क विभाग की पत्रिका ‘जनमन’

Follow Us

मुख्यमंत्री कौशल प्रशिक्षण केंद्र में विद्यार्थियों को किया गया पत्रिका का वितरण

मुंगेली। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सामान्य ज्ञान के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, विकास कार्यों और समसामयिक विषयों की जानकारी रखना भी महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘जनमन’ विद्यार्थियों के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री के रूप में सामने आ रही है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री कौशल प्रशिक्षण केंद्र में विद्यार्थियों को पत्रिका ‘जनमन’ का वितरण किया गया।

जनसंपर्क विभाग की इस मासिक पत्रिका में राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जनहितकारी कार्यक्रमों, विकास कार्यों, नीतिगत निर्णयों और प्रदेश में संचालित महत्वपूर्ण पहलों से संबंधित जानकारी सरल एवं सहज भाषा में प्रकाशित की जाती है। इससे विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों से अवगत होने का अवसर मिलता है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जाने वाले समसामयिक विषयों की तैयारी में भी यह सामग्री सहायक हो सकती है।

पत्रिका प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और समसामयिक घटनाओं की प्रमाणिक जानकारी जुटाना जरूरी होता है। ‘जनमन’ के माध्यम से उन्हें राज्य शासन की योजनाओं और विकास गतिविधियों से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर पढ़ने को मिलेगी, जिससे उनकी तैयारी को दिशा मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कौशल प्रशिक्षण केंद्र के अरुण कुमार साहू एवं सचिव नितेश कुमार मोहले सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।