दीवाली से पहले महिलाओं के खातों में पहुंची खुशियों की सौगात, महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं को दीवाली से पहले राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है। महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी होने से प्रदेश की लाखों महिलाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिल रही है। राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में योजना की राशि हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की। इस किस्त के तहत 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये भेजे गए हैं।

योजना के तहत ई-केवाईसी पूरी करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिलाओं को लाभ मिला है। इसके अलावा नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्रों की 6,908 महिलाओं को भी किस्त प्रदान की गई। महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने 10 मार्च 2024 को इस योजना की शुरुआत की थी। अब तक योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में कुल 21 हजार 350.50 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है। इस आर्थिक मदद से महिलाएं घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ त्योहारों और विशेष अवसरों पर भी अपनी पसंद से खर्च कर पा रही हैं।

योजना का सकारात्मक असर बाजारों में भी दिखाई दे रहा है। महिलाओं की आर्थिक क्षमता बढ़ने से खरीदारी में तेजी आई है और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है। करवाचौथ से शुरू हुआ खरीदारी का दौर लगातार जारी है। आर्थिक सहायता से परिवारों पर खर्च का दबाव कम होने के साथ महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं।