बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के श्मशान घाट में एक महिला की जलती चिता के साथ कथित छेड़छाड़ और तंत्र साधना करने के आरोप में अघोरी शिवराम बाबा की लोगों ने पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल अघोरी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, अनिता यादव ने दो दिन पहले आत्महत्या कर ली थी। उसी शाम परिजनों ने श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया था। आरोप है कि अंतिम संस्कार के बाद शिवराम बाबा वहां पहुंचे और जलती चिता के साथ छेड़छाड़ करते हुए तंत्र साधना करने लगे। परिजनों ने चिता से हड्डियां गायब होने का भी दावा किया। इसकी जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन और स्थानीय लोग नाराज हो गए। आरोप है कि मृतका के पति गुड्डा उर्फ राजकुमार यादव समेत कुछ लोगों ने शिवराम बाबा को घेरकर मारपीट की। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ लोग उन्हें जमीन पर घसीटते और लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार, मामला आपसी रंजिश से भी जुड़ा हो सकता है। फिलहाल कुछ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
