कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में युवक और युवती की जान चली गई। हादसा कुसमुंडा-गेवरा को जोड़ने वाले टीपर मार्ग पर सुबह करीब 8 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इसके बाद बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया। वहीं स्कूटी सवार युवती की भी दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि गेवरा-कुसमुंडा रेलवे अंडरब्रिज को मरम्मत कार्य के चलते मंगलवार से बंद कर दिया गया था। इसके कारण इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्ते के रूप में भारी वाहनों की आवाजाही वाले टीपर मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक ही सड़क पर भारी और दोपहिया वाहनों के चलने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ था।
घटना की सूचना मिलने पर कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतक युवक और युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे ने वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
