नवा रायपुर में राज्योत्सव की रौनक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर मीना बाजार तक उमड़ रही भीड़

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के तीन दिवसीय आयोजन में नवा रायपुर उत्सव के रंगों से सराबोर है। मुख्य मंच पर प्रतिदिन आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हो रही हैं, जिनका दर्शक भरपूर आनंद ले रहे हैं। वहीं शिल्पग्राम, मीना बाजार और खाना खजाना जोन में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। शिल्पग्राम की सजावट और वहां उपलब्ध हस्तशिल्प उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। स्थानीय कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियां भी उत्सव के माहौल को खास बना रही हैं। यहां बनाए गए सेल्फी सेंटर के साथ ही पूरे शिल्पग्राम में लोग तस्वीरें लेते नजर आ रहे हैं।

खाना खजाना जोन में नागरिकों को किफायती कीमतों पर विभिन्न व्यंजनों का स्वाद मिल रहा है। यहां छत्तीसगढ़ी पकवान फरा, चीला, चौसेला, मुंगोड़ी बड़ा और साबूदाना बड़ा सहित कई विकल्प उपलब्ध हैं। इसके अलावा फास्ट फूड और अन्य नाश्ते भी मिल रहे हैं। आयोजन में स्वच्छता और हाईजीन का ध्यान रखा गया है। परिवार के साथ पहुंचे लोग यहां अलग-अलग व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं। दूसरी ओर मीना बाजार में भी मनोरंजन के लिए लोगों की अच्छी खासी भीड़ जुट रही है।

राज्योत्सव में लगाए गए विभागीय स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनके माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं, विभागीय गतिविधियों और विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी जा रही है। अलग-अलग विभागों ने अपनी विशेषताओं और नवाचारों को प्रदर्शित किया है। खनिज संसाधन, महिला एवं बाल विकास, खेल एवं युवा कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि से जुड़े विभागों सहित अनेक सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक उपक्रमों के स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर प्रस्तुत जानकारियां और प्रदर्शन लोगों को विभागीय कार्यों से रूबरू करा रहे हैं।