मुंबई। एक्ट्रेस शनाया कपूर ने अपना 27वां जन्मदिन खास अंदाज में मनाया। 2 नवंबर को जन्मदिन से पहले उन्होंने करीबी दोस्तों के लिए हैलोवीन थीम पर आधारित ‘विच’ पार्टी रखी। इस खास डिनर पार्टी में खुशी कपूर, सुहाना खान और अनन्या पांडे समेत उनकी खास सहेलियां शामिल हुईं। शनाया ने सोशल मीडिया पर जश्न की तस्वीरें साझा करते हुए अपनी दोस्तों को प्यार भरे अंदाज में ‘चुड़ैलें’ कहकर बर्थडे सेलिब्रेशन की झलक दिखाई।
पार्टी की सजावट को रहस्यमयी और आकर्षक लुक दिया गया था। डिनर टेबल पर गहरे रंग का लेस वाला कपड़ा, काली प्लेटें, सुनहरे कटलरी और कांच के बर्तन सजाए गए थे। सफेद मोमबत्तियों, गहरे लाल गुलाबों और खोपड़ी की सजावट ने हैलोवीन थीम को खास बनाया। मेहमानों के लिए व्यक्तिगत फोटो कार्ड रखे गए थे, जबकि मेन्यू कार्ड पर ‘अ नाइट टू डाई फॉर’ लिखा था।
डिनर में जापानी और एशियाई स्वाद वाले कई खास व्यंजन परोसे गए। मेन्यू में एवोकाडो-टूना ताताकी कार्पाचियो, टेरियाकी चिकन ओकोनोमियाकी, झींगे और ब्लैक गार्लिक ग्योज़ा जैसे व्यंजन शामिल थे। इसके अलावा बेरी सॉर्बेट, जिंजर-पोच्ड चिकन, सोबा नूडल्स और मिसो-क्योर ब्लैक कॉड भी मेहमानों को परोसी गई। शानदार सजावट, खास पकवानों और दोस्तों की मौजूदगी ने शनाया के जन्मदिन की शाम को यादगार बना दिया।

