रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में बड़ी खबर सामने आई है। करीब 6000 करोड़ रुपये के कथित सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को लेकर दिल्ली से सीबीआई की टीम मंगलवार शाम रायपुर पहुंच गई है। उसे कुछ ही मिनट पहले शाम की फ्लाइट से रायपुर लाया गया। अब जल्द ही उसे रायपुर स्थित सीबीआई मामलों की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। सौरभ चंद्राकर को हाल ही में ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था।
इसके बाद दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई को उसकी दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की थी। अदालत ने चार नवंबर तक रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश करने का निर्देश दिया था। बताया जा रहा है कि सीबीआई अदालत से आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की मांग कर सकती है। जांच एजेंसी महादेव ऐप के संचालन, अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क, कथित हवाला लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। फिलहाल सौरभ चंद्राकर की रायपुर में अदालत के समक्ष पेशी होनी बाकी है। अब अदालत के फैसले और सीबीआई की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
आयुष्मान योजना में अनियमितता, छत्तीसगढ़ के 16 अस्पतालों पर कार्रवाई

