‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर मना छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस, जांजगीर में दिखी 26 वर्षों की विकास यात्रा

Follow Us

जांजगीर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शासकीय हाई स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया।

धरमलाल कौशिक ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी के दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ और प्रदेश की जनता को अपनी अलग पहचान के साथ विकास की नई राह मिली। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के शुरुआती दौर में संसाधनों की कमी, खाद्यान्न संकट, बिजली समस्या और रोजगार के लिए पलायन जैसी चुनौतियां थीं, लेकिन आज छत्तीसगढ़ कृषि, उद्योग, अधोसंरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं, जबकि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल दे रही है। उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और निःशुल्क खाद्यान्न जैसी योजनाओं से आम लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ मिलने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश में विकास को नई दिशा मिली है।

जांजगीर-चांपा जिले की कृषि, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कौशिक ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य हासिल करने के लिए छत्तीसगढ़ और उसके जिलों का विकसित होना जरूरी है। इसके लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों को मिलकर प्रयास करना होगा। राज्योत्सव में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनसंपर्क, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, समाज कल्याण, मत्स्य पालन, पुलिस, आयुष, स्वास्थ्य और श्रम सहित विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी स्टॉल लगाए। अतिथियों ने स्टॉलों का भ्रमण किया और योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया। कार्यक्रम में नारायण चंदेल, अंबेश जांगड़े, कमला देवी पाटले, सत्यलता आनंद मिरी, रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।