बेमेतरा राज्योत्सव में सांसद विजय बघेल ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां, बोले- विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा प्रदेश

Follow Us

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर बेसिक स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

सांसद विजय बघेल ने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना और नियद नेल्लानार जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक मजबूती दे रही है, वहीं कृषक उन्नति योजना किसानों की स्थिति बेहतर बनाने में सहायक है। नियद नेल्लानार योजना के जरिए दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

विधायक दीपेश साहू ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और पेयजल सुविधाओं के विस्तार को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। विधायक ईश्वर साहू ने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से प्रदेश की प्रगति में योगदान देने की अपील की। वहीं कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले में विकास, सुशासन और जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी से किए जा रहे प्रयासों और विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की जानकारी दी।

राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई गईं। स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा दिखाई। सांसद विजय बघेल और अन्य अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा विभागीय स्टॉलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न बोर्डों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।