नई दिल्ली। सऊदी अरब में तनावपूर्ण हालात और नागरिक ठिकानों पर हमलों की खबरों के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। दोनों एयरलाइंस ने जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए अपनी उड़ानें 14 नवंबर 2026 तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। इस फैसले से इन शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को राहत देते हुए टिकट की तारीख एक बार मुफ्त बदलने या टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया है। यह सुविधा उन यात्रियों को मिलेगी, जिनके टिकट 30 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी हुए हैं और जिनकी यात्रा 14 नवंबर तक निर्धारित थी। यात्री सीटों की उपलब्धता के आधार पर 29 नवंबर 2026 तक की यात्रा के लिए अपनी बुकिंग बदलवा सकते हैं।एयर इंडिया के यात्री सऊदी अरब में उसके किसी भी चालू स्टेशन से आने-जाने के लिए रीबुकिंग करा सकते हैं। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री सऊदी अरब या बहरीन में उसके किसी भी चालू स्टेशन के लिए यह सुविधा ले सकेंगे।
प्रभावित यात्री एयरलाइंस की ग्राहक सेवा टीम, शहरों में मौजूद टिकट बुकिंग कार्यालयों या आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए कॉल सेंटर नंबरों के माध्यम से रीबुकिंग और रिफंड की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों को एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह भी दी है।दरअसल, सऊदी अरब में हाल के दिनों में हवाई अड्डों और अन्य नागरिक ठिकानों पर हमलों की खबरें सामने आई हैं। रियाद और दम्माम के एयरपोर्ट भी निशाने पर रहे हैं। दम्माम एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए। इसके अलावा, शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले में भी एक भारतीय नागरिक घायल हुआ था।
