भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर आज पहुंचेगा रायपुर, पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है। उनका पार्थिव शरीर 31 अक्टूबर को विमान से रायपुर लाया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पार्थिव शरीर पहुंचने के बाद श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद पार्थिव देह भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास ले जाई जाएगी, जहां सुबह 11 बजे तक अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे। वहां से सुबह 11:30 बजे जवाहर नगर, दुर्ग पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां दोपहर 12:30 बजे तक लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। इसके बाद पार्थिव शरीर बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा के लिए रवाना होगा।

दोपहर करीब एक बजे पार्थिव देह गांव पहुंचेगी। यहां दोपहर दो बजे तक अंतिम दर्शन की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने विधायक के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई है। वहीं, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे भाजपा और प्रदेश के राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कोर्सेवाड़ा ने अपना जीवन जनसेवा, संगठन की मजबूती और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।