पुरानी बस्ती में चाकू से हत्या के प्रयास के तीन आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

Follow Us

आदतन बदमाश तिवारी बंधुओं ने पुराने विवाद पर किया था हमला, एक चाकू जब्त

रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर में पुराने विवाद को लेकर युवक पर चाकू से हत्या का प्रयास करने वाले तीन सगे भाइयों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी अश्वनी तिवारी और लखन तिवारी आदतन बदमाश हैं और उनके खिलाफ पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

प्रार्थी जितेंद्र सेन उर्फ गजनी (25 वर्ष), निवासी बाजार चौक कुशालपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गिट्टी खदान के पास अश्वनी तिवारी, लखन तिवारी और प्रकाश तिवारी तीनों भाइयों ने एकराय होकर गाली-गलौज कर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। रिपोर्ट पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 565/2026 धारा 296, 109(1), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों – अश्वनी तिवारी (22 वर्ष), लखन तिवारी (29 वर्ष) और प्रकाश तिवारी (30 वर्ष), निवासी संतोषी चौक कुशालपुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक स्टील का चाकू जब्त किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर केंद्रीय जेल रायपुर में निरुद्ध किया गया है।

कार्यवाही में साइबर सेल रायपुर और पुरानी बस्ती पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।