अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन

Follow Us

छत्तीसगढ़ भाजपा में शोक की लहर

दुर्ग। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से पीडि़त थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से भाजपा नेताओं और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है।

निधन की सूचना मिलते ही स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर और पूर्व विधायक लाभचंद बाफना उनके निवास पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का राजनीतिक सफर काफी महत्वपूर्ण रहा। वे दो बार अहिवारा विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 2008 में उन्होंने पहली बार भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की, जबकि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दूसरी बार जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे।

वर्ष 2023 में 75 वर्ष की उम्र में विधायक निर्वाचित होने के बाद वे छत्तीसगढ़ की छठवीं विधानसभा के सबसे बुजुर्ग विधायकों में शामिल हुए। उनकी राजनीतिक वरिष्ठता और अनुभव को देखते हुए अक्टूबर 2025 में राज्य सरकार ने उन्हें छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्होंने 25 नवंबर 2025 को मंत्रालय में पदभार ग्रहण किया था।