रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज शुक्रवार को राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का दिन रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर और दुर्ग में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी दुर्ग में जनसभा और पदयात्रा करेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय रैली में शामिल होने के लिए रवाना होंगे। इसके अलावा रायपुर में भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने हवाई करतब दिखाएगी।
सीएम साय बांटेंगे पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10:15 से 11:30 बजे तक रायपुर के कृषि महाविद्यालय में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दुर्ग जिले के पुलगांव पहुंचेंगे, जहां आमसभा और पदयात्रा में शामिल होंगे।
जेपी नड्डा दुर्ग में करेंगे जनसभा और पदयात्रा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा दोपहर 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे। माना एयरपोर्ट से वे सीधे मुख्यमंत्री निवास जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे दुर्ग के लिए रवाना होंगे। वहां महेश कॉलोनी (पुलगांव) में जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत महेश कॉलोनी से गंजपारा चौक तक पदयात्रा करेंगे। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी आएंगे रायपुर
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार शाम 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे। शनिवार 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वे आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस मैनेजमेंट में खेत बचाओ अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे भाजपा के अभियान के तहत नेताजी सुभाष स्टेडियम से तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक आयोजित पदयात्रा में हिस्सा लेंगे।
डॉ. सुधांशु त्रिवेदी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी भी शुक्रवार को रायपुर पहुंचेंगे। दोपहर 1 बजे उनके आगमन के बाद वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दोपहर 2:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे।
दिल्ली के लिए रवाना होंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। शुक्रवार दोपहर 12 बजे रायपुर के बीटीआई मैदान, शंकर नगर से बसें रवाना होंगी। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना करेंगे। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित राष्ट्रीय रैली में रायपुर ग्रामीण के 11 ब्लॉकों से सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
भूपेंद्र नाग के स्वागत में निकलेगी बाइक रैली
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नाग भी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। रायपुर एयरपोर्ट पर भाजयुमो कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे एयरपोर्ट से एकात्म परिसर तक बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
रायपुर के आसमान में दिखेगी वायुसेना की सारंग टीम की जांबाजी
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग टीम शुक्रवार को रायपुर के आसमान में हवाई करतब दिखाएगी। दोपहर 12:20 से 12:45 बजे तक होने वाले इस प्रदर्शन को शहरवासी अपने घरों की छतों से भी देख सकेंगे। इसके बाद 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा।
कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में 30 अक्टूबर को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। इनमें दुर्ग, कबीरधाम, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले शामिल हैं। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए हैं।
