लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बदलते कारोबारी माहौल को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण बेहतर हुआ है। अब बाजार देर रात तक खुले रहते हैं और व्यापारी बिना डर के अपना कारोबार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए इसे व्यापारियों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।
पहले सूर्यास्त के साथ सीमित हो जाती थीं व्यापारिक गतिविधियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त होते ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में चिंता बनी रहती थी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में रात के समय भी बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान रोशनी से जगमगाते हैं।
महिला सुरक्षा को दी गई प्राथमिकता
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की परिस्थितियों को बदलने का काम किया है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता मिलने से महिलाएं भी नाइट शिफ्ट में निर्भय होकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का बढ़ता आत्मविश्वास समाज की प्रगति का प्रतीक है।
महिला श्रम बल भागीदारी में बढ़ोतरी का दावा
मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में महिला श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने इसे महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक सामर्थ्य और स्वावलंबन का संकेत बताया।
सुरक्षा से समृद्धि की ओर बढ़ रहा उत्तर प्रदेश
सीएम योगी ने कहा कि सुरक्षित माहौल से व्यापारियों को कारोबार विस्तार के नए अवसर मिल रहे हैं। वहीं महिलाएं भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसे सुरक्षा से समृद्धि की ओर अग्रसर नए उत्तर प्रदेश की नई पहचान बताया।
