बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गुरुवार, 29 अक्टूबर को एक यात्री बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की जानकारी है। राहत की बात यह रही कि किसी की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है। घटना पस्ता थाना क्षेत्र की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस बलरामपुर से अंबिकापुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान निर्माणाधीन सड़क पर सामने से आ रहे दूसरे वाहन को साइड देने के लिए चालक ने बस को किनारे किया। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे की मिट्टी धंसने से बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकाला
बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में सवार यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
बारिश के कारण कमजोर हुई सड़क की मिट्टी
जिले में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब के प्रभाव से लगातार बारिश होने की जानकारी है। आशंका जताई जा रही है कि बारिश के कारण निर्माणाधीन सड़क के किनारे की मिट्टी कमजोर हो गई थी, जिसके चलते बस का वजन पडऩे पर मिट्टी धंस गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।सूचना मिलने पर पस्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटना ने निर्माणाधीन सड़कों पर, विशेषकर बारिश के दौरान, यातायात सुरक्षा और सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।
