रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लाभाण्डी स्थित विनायक मेडिकल स्टोर में बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित कोडिन सिरप बेचने के आरोप में पुलिस ने दुकान संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12,800 रुपये कीमत की 32 शीशी नशीली सिरप जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को ब्रम्हदेव नगर स्थित मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित सिरप की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर टेस्ट पर्चेस किया। बिना डॉक्टर की पर्ची के सिरप बेचने की पुष्टि होने पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने दुकान पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक धीरज कुमार दुबे (48) और वहां मौजूद जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह (29) को पकड़ा गया। तलाशी में 32 शीशी कोडिन सिरप बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सिरप की बिक्री और भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 480/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह पहले भी प्रतिबंधित नशीली सिरप से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल आरोपियों से सिरप की खरीद-बिक्री और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

