पीएम मोदी से मिले लिकटेंस्टाइन के प्रिंस एलोइस, भारत के साथ संबंध मजबूत करने पर चर्चा

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में लिकटेंस्टाइन के प्रिंस एलोइस और उनकी पत्नी प्रिंसेस सोफी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा हुई।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस मुलाकात का उद्देश्य भारत और लिकटेंस्टाइन के बीच साझेदारी को आगे बढ़ाना है। इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी प्रिंस एलोइस से मुलाकात की। बातचीत में भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के बीच व्यापार एवं आर्थिक भागीदारी समझौते (टेपा) के तहत उपलब्ध अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रिंस एलोइस ने भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा को सम्मान की बात बताते हुए दोनों देशों के संबंधों के महत्व पर जोर दिया। राष्ट्रपति भवन में भी उनका औपचारिक स्वागत किया गया, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे।

अपने भारत दौरे के दौरान प्रिंस एलोइस वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी से भी मुलाकात करेंगे। उनके सम्मान में राष्ट्रपति की ओर से आधिकारिक भोज का आयोजन भी किया गया है।