बैकुंठपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय रामानुज प्रताप सिंह देव महाविद्यालय, बैकुंठपुर में स्वास्थ्य विभाग की आईसीटीसी इकाई और रेड रिबन समिति के संयुक्त सहयोग से जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स, यौन संचारित संक्रमण (एसटीआई), टीबी और हेपेटाइटिस-बी व सी सहित विभिन्न संक्रामक बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1097 की जानकारी भी साझा की गई। कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह के मार्गदर्शन में जिले में 12 अगस्त से 26 अक्टूबर तक सघन जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्कूलों, महाविद्यालयों, विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में कला जत्था दल के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.सी. हिमधर की अध्यक्षता में हुए सेमिनार में वरिष्ठ प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने भी अपने विचार रखे। विशेषज्ञों ने युवाओं को संक्रामक रोगों से बचाव, समय पर जांच और उचित परामर्श के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में विशेष रूप से एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति समाज में मौजूद गलत धारणाओं और भेदभाव को दूर करने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे संक्रमित लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और उनके प्रति संवेदनशीलता, सहयोग तथा मानवीय दृष्टिकोण अपनाएं।
