“एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं”, की थीम पर 15 अक्टूबर तक होंगे विविध कार्यक्रम

Follow Us

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय डाक सप्ताह का शुभारंभ

रायपुर। भारतीय डाक विभाग द्वारा प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले राष्ट्रीय डाक सप्ताह की शुरुआत 9 अक्टूबर से हो गई है, जो 15 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष विश्व डाक दिवस की थीम “एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं” रखी गई है। सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान छत्तीसगढ़ मुख्य पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार ने बताया कि डाक परिमंडल के सभी संभागीय कार्यालयों में प्रतिदिन विषयवार कार्यक्रम आयोजित कर जनता को डाक विभाग की सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।

भारतीय डाक विभाग प्रतिवर्ष राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाता है, जिसकी शुरुआत 1874 में यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (UPU) की स्थापना की वर्षगांठ पर विश्व डाक दिवस 9 अक्टूबर से होती है। इसका उद्देश्य लोगों और व्यवसायों के दैनिक जीवन में डाक विभाग की भूमिका और वैश्विक, सामाजिक और आर्थिक विकास में डाक की भूमिका के प्रति जागरूकता पैदा करना है।इस वर्ष का अभियान एकजुट वैश्विक डाक नेटवर्क की ताकत को दर्शाते हुए लोगों, व्यवसायों और समुदायों के लिए इससे पैदा होने वाली कई संभावनाओं का उत्सव मना रहा है। लोगों को आपस में जोड़ने से लेकर आवश्यक सेवाएं पहुँचाने तक, डाक सेवा दुनिया भर में अवसरों के नए रास्ते खोलती रहती है।

9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस के अवसर पर डाक सप्ताह का प्रारंभ के रूप में मनाया गया। 12 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस मनाया गया। वही 13 अक्टूबर को फन विद फिलाटेली दिवस,14 अक्टूबर को मेल्स एवं पार्सल्स दिवस और 15 अक्टूबर टेक्नोलॉजी एवं नवाचार दिवस के रूप में मनाया जाएगा।