रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 22 और 23 अक्टूबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर सोमवार को लोकभवन में बैठक आयोजित की गई। राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान लोकभवन में की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में लोकभवन परिसर में बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बिजली और इंटरनेट की निर्बाध उपलब्धता सहित विभिन्न तैयारियों पर चर्चा हुई। इसके अलावा चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल के अनुरूप वाहनों की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
