पेंशनरों की सुविधा सभी बैंकों में विशेष काउंटर खोलने की मांग, बुजुर्गों को घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा देने कलेक्टर से आग्रह

Follow Us

रायपुर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की रायपुर जिला इकाई ने जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में पेंशनरों को होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए जिले के सभी बैंकों में विशेष काउंटर शुरू करने की मांग की है। महासंघ ने कलेक्टर रायपुर से बैंकों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा बुजुर्ग और शारीरिक रूप से अशक्त पेंशनरों को घर पर ही जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

महासंघ के जिला अध्यक्ष आर.जी. बोहरे और सचिव ओ.डी. शर्मा ने बताया कि 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनरों को 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक, जबकि 80 वर्ष से कम आयु के पेंशनरों को 1 से 30 नवंबर 2026 तक जीवन प्रमाण पत्र जमा करना है। इस दौरान बैंकों में विशेष काउंटर की व्यवस्था होने से बुजुर्ग पेंशनरों को लंबी कतारों और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।

महासंघ के पदाधिकारियों ने पिछले वर्ष का अनुभव साझा करते हुए बताया कि कुछ पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के बावजूद नवंबर 2025 की पेंशन नहीं मिल पाई थी। महासंघ के आग्रह पर कलेक्टर रायपुर ने रेडक्रॉस भवन में विशेष शिविर आयोजित कर लंबित पेंशन भुगतान की समस्या के समाधान में सहयोग किया था। महासंघ ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

महासंघ के प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी ने कहा कि ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी बैंकों में निर्धारित अवधि तक विशेष काउंटर संचालित किए जाने चाहिए। उन्होंने 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के तथा शारीरिक रूप से अशक्त ऐसे पेंशनरों के लिए घर पर अथवा उपलब्ध डिजिटल माध्यमों से जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया, जो बैंक जाने में असमर्थ हैं। महासंघ ने जिला प्रशासन से समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया के कारण किसी भी पेंशनर की पेंशन का भुगतान प्रभावित न हो।