नवरात्रि में माता की भक्ति में लीन हुईं तमन्ना भाटिया, शेयर की चौकी की झलकियां

Follow Us

मुंबई। अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने नवरात्रि के पहले दिन अपने घर पर आयोजित माता की चौकी में शामिल होकर मां का आशीर्वाद लिया। उन्होंने इस खास आयोजन के कुछ पल सोशल मीडिया पर साझा किए, जिनमें वह आरती और भजनों का आनंद लेती नजर आईं। इस धार्मिक कार्यक्रम में तमन्ना के माता-पिता भी मौजूद थे। अभिनेत्री मृणाल ठाकुर भी उनके शेयर किए गए एक वीडियो में दिखाई दीं। चौकी के दौरान भक्ति संगीत और मां की महिमा से जुड़ी प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

तमन्ना ने अपनी पोस्ट में भक्ति संगीत प्रस्तुत करने वाली प्रीति पथानिया की तारीफ की। उन्होंने बताया कि वैष्णो देवी की यात्रा और उससे जुड़ी कहानियों को संगीत के माध्यम से महसूस करना उनके लिए खास अनुभव रहा। अभिनेत्री के मुताबिक, लगातार भजन और प्रार्थना में समय बिताने से उन्हें मन की शांति मिली और खुद के बारे में सोचने का अवसर भी मिला। उन्होंने अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि भक्ति संगीत जहां वातावरण में उत्साह भरता है, वहीं मन को भीतर से शांत भी करता है।

तमन्ना इससे पहले अपनी फिल्म ‘द व्वान’ के छठ पूजा गीत की शूटिंग के दौरान हुए आध्यात्मिक अनुभव पर भी बात कर चुकी हैं। उन्होंने बताया था कि शूटिंग से पहले छठ पूजा की परंपराओं और बिहार में इसके महत्व के बारे में जानकारी जुटाई थी। अभिनेत्री ने छठी मैया के प्रति महसूस हुए भावनात्मक जुड़ाव को अपने लिए बेहद खास बताया था। नवरात्रि पर माता की चौकी में शामिल होने और इसकी झलकियां साझा करने के बाद तमन्ना एक बार फिर चर्चा में हैं।