रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन किया गया है। उच्च न्यायालय के आदेश के परिपालन में लोक शिक्षण संचालनालय ने शुद्धि पत्र जारी कर दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता संबंधी प्रावधानों में बदलाव किया है। इसके तहत दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral palsy) श्रेणी के पात्र अभ्यर्थियों को भी ऑनलाइन आवेदन का अवसर मिलेगा।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, शासकीय शालाओं में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों की भर्ती के लिए 24 जुलाई 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था। भर्ती से संबंधित याचिका क्रमांक WPS No. 6783 शद्घ 2026 (मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य) में उच्च न्यायालय द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के अनुपालन में यह संशोधन किया गया है।
CG Breaking: छत्तीसगढ़ मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 6 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
दिव्यांगता की श्रेणियों में बदलाव
समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के अनुरूप सहायक शिक्षक पद के लिए उपयुक्त दिव्यांगता की श्रेणियों में ब्लाइंड (B), डेफ (D) और सेरेब्रल पाल्सी (SP) को शामिल किया गया है। इसके साथ ही विस्तृत विज्ञापन की कंडिका 05 के उपखंड (iv) को विलोपित कर दिया गया है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का समूहवार और श्रेणीवार वितरण सामान्य प्रशासन विभाग के 5 मार्च 2019 के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित किया गया है। इसमें दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित और बहुदिव्यांगता श्रेणियों के लिए आरक्षित पदों का विवरण शामिल है।
ई-संवर्ग में 795 और टी-संवर्ग में 1,497 पद
सहायक शिक्षक भर्ती के तहत कुल 2,292 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1,497 पद शामिल हैं। ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर जिले शामिल हैं।
वहीं, टी-संवर्ग में बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद और बालोद जिले शामिल हैं।
राज्यपाल डेका से प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों ने की सौजन्य भेंट
आवेदन की तिथि अलग से होगी घोषित
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि संशोधन के दायरे में आने वाले पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। 24 जुलाई 2026 को जारी मूल विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें और कंडिकाएं यथावत रहेंगी।
