कवर्धा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों के हित में अहम फैसला लेते हुए शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी ₹425 प्रति क्विंटल की दर से करने की घोषणा की है। इस निर्णय के तहत पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और खेती को लाभकारी बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री साय से भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान गन्ना उत्पादक किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों का विषय भी उठाया गया। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित पहल करते हुए नई दर पर खरीदी का निर्णय लिया। बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों ने गन्ना किसानों के हित में लिए गए फैसले पर मुख्यमंत्री का आभार जताया और उम्मीद जताई कि इससे किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर मूल्य मिलेगा।
