कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर: बाइक सवार की मौके पर मौत, चालक फरार

Follow Us

कोरबा। जिले में तेज रफ्तार ट्रेलर वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ ही घंटों में सड़क हादसे की दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। ताजा मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के कसनिया स्थित जटगा मोड़ का है, जहां ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन ट्रेलर का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे हेलमेट पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई।

हादसे के बाद मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी हुई है। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और कटघोरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है, जबकि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

गौरतलब है कि इससे कुछ घंटे पहले ही सोमवार रात बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में भी तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों को चपेट में ले लिया था। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर विरोध जताया था, जिसे देर रात पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद समाप्त कराया गया। लगातार हो रहे सड़क हादसों और मौतों को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रेलर वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण क्षेत्र में आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।