कोण्डागांव । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत आम/उप निर्वाचन 2026 के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) तैयार करने का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। आयोग के निर्देशानुसार कोण्डागांव जिले में पंचायत आम निर्वाचन विश्रामपुरी हेतु 05 सरपंच एवं 81 पंच पद तथा पंचायत उप निर्वाचन हेतु 11 पद रिक्त हैं। इनमें 01 जनपद पंचायत सदस्य, 01 सरपंच एवं 09 पंच पद शामिल हैं।
मतदाता सूची तैयार करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना द्वारा संबंधित क्षेत्रों के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोण्डागांव को सातगांव, सम्बलपुर एवं हथकली; अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) फरसगांव को चांदाबेड़ा, गट्टीपलना, पाण्डेआठगांव, बोरगांव पूर्वी एवं बोरगांव पश्चिम तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) केशकाल को गुडरीपारा, ठाकुरपारा, गारका एवं धनोरा के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार बड़ेराजपुर क्षेत्र के आमगांव, हरवेल, विश्रामपुरी ‘ब विश्रामपुरी ‘अ, जिर्रापारा, बीरापारा एवं खरगांव के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। तहसीलदार कोण्डागांव, केशकाल, फरसगांव एवं बड़ेराजपुर को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।अपील प्राधिकारी के रूप में अपर कलेक्टर श्री अविनाश भोई (रा.प्र.से.), मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोण्डागांव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
