आप भी बना रहे पिंक सिटी जाने का प्लान, तो इन 5 ऐतिहासिक जगहों को अपनी लिस्ट में जरूर करें ऐड

Follow Us

नई दिल्ली। जयपुर पिंक सिटी के नाम से जाना जाने वाला शहर अपनी शाही विरासत, वास्तुकला और संस्कृति के लिए दुनिया भर में मशहूर है। हर साल इस शहर को घूमने दुनिया भर से पर्यटक आते हैं। अगर आप भी जयपुर घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं, आपको यहां कि इन 5 जगहों को जरूर देखना चाहिए।

आमेर किला: अरावली की पहाड़ियों पर स्थित यह किला जयपुर की सबसे भव्य पहचान है। लाल बलुआ पत्थर और संगमरमर से बना यह किला राजपूताना वास्तुकला का बेजोड़ नमूना है। यहां का शीश महल दुनिया भर में जाना जाता है, जहां छोटे-छोटे शीशों की नक्काशी इस तरह की गई है कि एक मोमबत्ती जलाने पर पूरा महल रोशनी से जगमगा उठता है। शाम को यहां होने वाला लाइट एंड साउंड शो बिल्कुल मिस न करें।

हवा महल: बिना किसी नींव के बनी यह पांच मंजिला इमारत जयपुर का लैंडमार्क है। इसे 1799 में महाराजा सवाई प्रताप सिंह ने बनवाया था। इसमें 953 बेहद खूबसूरत झरोखे हैं। इन्हें इस तरह बनाया गया था कि शाही परिवार की महिलाएं बिना किसी के देखे शहर के उत्सव देख सकें और महल में हमेशा ठंडी हवा बनी रहे। यहां आप बेहद खूबसूरत और एस्थेटिक तस्वीरें भी ले सकते हैं।

सिटी पैलेस: शहर के बीचों-बीच स्थित सिटी पैलेस आज भी जयपुर के पूर्व शाही परिवार का निवास स्थान है। यह महल मुगल और राजस्थानी वास्तुकला का अनोखा मिश्रण है। यहां का प्रीतम निवास चौक मुख्य आकर्षण है। इसके चार दरवाजे सुंदर कला-कृतियों से सजे हैं। इसके अलावा यहां के म्युजियम में राजाओं के अस्त्र-शस्त्र देखने लायक हैं।

जंतर मंतर: एस्ट्रोनॉमी में रुचि रखने वालों के लिए यह जगह किसी अजूबे से कम नहीं है। यह यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल भी है। यहां स्थित सम्राट यंत्र दुनिया की सबसे बड़ी पत्थर की धूपघड़ी है, जो आज भी स्थानीय समय को सटीकता के साथ बताती है।

नाहरगढ़ किला: अगर आप पूरे जयपुर शहर का बर्ड्स आई व्यू देखना चाहते हैं, तो नाहरगढ़ जरूर जाएं। यह किला शहर की रक्षा के लिए बनाया गया था। यहां से दिखने वाला सूर्यास्त बेहद लुभावना होता है। किले के अंदर बना माधवेंद्र भवन अपनी भूल-भुलईया जैसी बनावट के लिए जाना है। इनके अलावा, जयपुर के लोकल बाजार से शॉपिंग करना न भूलें, जहां आपको एक से एक खूबसूरत चीजें मिल जाएंगी।