रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्ती, एक रात में 80 वाहन चालकों पर कार्रवाई

Follow Us

रायपुर। सड़क हादसों पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने 4 अक्टूबर की रात विशेष जांच अभियान चलाया। डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। ब्रीथ एनालाइजर से जांच के दौरान 48 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 32 अन्य वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इस तरह एक रात में कुल 80 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई।

पुलिस की कार्रवाई में 36 दोपहिया वाहन, 34 कार, 8 ट्रक या टैंकर, एक बस और एक पिकअप शामिल रहे। यातायात पुलिस ने बताया कि शराब के प्रभाव में वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने की क्षमता और रिफ्लेक्स प्रभावित होते हैं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव के 4,039 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब पीने के बाद खुद वाहन न चलाएं और घर पहुंचने के लिए कैब, ऑटो या किसी अन्य सुरक्षित साधन का इस्तेमाल करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।