पखांजूर में आरक्षक को मिला रुपयों और दस्तावेजों से भरा पर्स, मालिक को लौटाया

Follow Us

कांकेर। पखांजूर थाना में पदस्थ आरक्षक नोहर सिंह सिन्हा ने ईमानदारी और जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए सड़क किनारे मिला पर्स उसके मालिक तक पहुंचा दिया। पर्स में करीब 7 हजार रुपये नकद के अलावा एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड सहित कई जरूरी दस्तावेज रखे थे। पुलिस के मुताबिक आरक्षक क्रमांक 1149 नोहर सिंह सिन्हा 29 सितंबर को पखांजूर बाजार स्थित बुक डिपो के पास से गुजर रहे थे, तभी उन्हें यह पर्स मिला।

पर्स में मौजूद दस्तावेजों की मदद से आरक्षक ने उसके स्वामी की पहचान की और उनसे संपर्क किया। सत्यापन और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नकद रकम समेत पर्स में रखे सभी दस्तावेज सुरक्षित रूप से संबंधित व्यक्ति को सौंप दिए गए। आरक्षक के इस कार्य की पखांजूर थाना पुलिस ने सराहना की और कहा कि ऐसी जिम्मेदारी से पुलिस तथा आम लोगों के बीच भरोसा मजबूत होता है। कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर कोई पर्स, नकदी या महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय मालिक तक पहुंचाने की कोशिश करें या नजदीकी थाने में जमा कराएं।