रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां फिलहाल कम हो गई हैं। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, जबकि सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक भी कई जिलों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। हालांकि मंगलवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों के दौरान भी कुछ जगहों पर बारिश होने के आसार बने हुए हैं। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए चेतावनी जारी नहीं की है।
सोमवार को 33 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया। रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 24.1 डिग्री रहा। मंगलवार को राजधानी में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और तापमान अधिकतम 33 तथा न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी आगे बढ़ रही है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में करीब 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसका असर मौसम की गतिविधियों पर पड़ रहा है।
