कबीरधाम जिले में बारिश में सड़क धंसी, जांच की मांग

Follow Us

कवर्धा। कबीरधाम जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच चिमरा से बरभांवर तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत करीब 2 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत से बनाई गई सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर धंस गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद ग्रामीणों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तकनीकी जांच की मांग की है।

वहीं विभाग और निर्माण एजेंसी ने सड़क निर्माण को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप बताते हुए क्षति की वजह तेज बारिश और पानी के बहाव से पुरानी रिटेनिंग वॉल के प्रभावित होने को बताया है। विभागीय अधिकारी विकास कौशिक के अनुसार, सड़क निर्माण के समय संबंधित स्थान पर पहले से रिटेनिंग वॉल मौजूद थी और उस समय वह ठीक स्थिति में थी।

विभाग के मुताबिक लगातार बारिश के कारण रिटेनिंग वॉल प्रभावित हुई। इसके बाद नीचे से पानी के प्रवेश और मिट्टी के बहाव के कारण सड़क का हिस्सा धंस गया। निर्माण एजेंसी ने भी सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन किए जाने का दावा किया है। जिला प्रशासन के भू-अभिलेख शाखा के अनुसार 26 सितंबर को जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 110.7 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई। पिपरिया तहसील में सर्वाधिक 188 मिलीमीटर, कवर्धा में 138.7 मिलीमीटर और बोड़ला में 124.4 मिलीमीटर वर्षा हुई।

इधर सड़क क्षतिग्रस्त होने से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। निर्माण एजेंसी ने आरोप लगाया है कि यदि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर शासकीय सड़क को नुकसान पहुंचाया है तो इसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। ठेकेदार संघ ने भी मामले की जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपए की लागत से बनी सड़क के जल्द क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में निर्माण गुणवत्ता, जल निकासी व्यवस्था, मिट्टी की मजबूती और रिटेनिंग वॉल की तकनीकी स्थिति की जांच जरूरी है। फिलहाल सड़क क्षतिग्रस्त होने की वास्तविक वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।