BREAKING NEWS: रायपुर में 25 करोड़ की फिरौती, दी थी हत्या की धमकी, FIR दर्ज आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 25 करोड़ की फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया गया है, जिसने विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर व्यापारी को अमन साहू गैंग के नाम से हत्या की धमकी दी थी। आरोपी के कब्जे से 5 लाख कीमत के 5 आईफोन जब्त किए गए हैं।

प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 14.09.2026 को उसके मोबाइल फोन पर विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए। संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने स्वयं को अमन साहू गैंग से संबंध होना बताया तथा प्रार्थी से 25 करोड़ रुपये की फिरौती/रंगदारी की मांग की।

आरोपी ने रकम नहीं देने पर प्रार्थी, उसके पुत्र अजीत एवं परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने तथा रायपुर एवं तेलीबांधा क्षेत्र में हत्या करवाने की धमकी दी थी। अज्ञात आरोपी द्वारा योजनाबद्ध तरीके से भय एवं आतंक का वातावरण निर्मित कर 25 करोड़ रुपये वसूलने का प्रयास किया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 403/26 धारा 308(4), 351(3), 351(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

कमिश्नर के निर्देश पर बनी संयुक्त टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम गठित की गई।

कैसे पकड़ाया आरोपी
टीम ने प्रार्थी से धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश, विदेशी मोबाइल नंबर और वीडियो से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी ली। प्रार्थी के मोबाइल पर प्राप्त विदेशी नंबर सहित उससे जुड़े अन्य मोबाइल नंबरों एवं तकनीकी जानकारियों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों की कड़ियों, संपर्कों एवं डिजिटल इनपुट का आपस में मिलान करते हुए पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी विश्लेषण और फील्ड स्तर पर पतासाजी करते हुए आरोपी की पहचान शोएब ढेबर निवासी खम्हारडीह रायपुर के रूप में की। पूछताछ में आरोपी शोएब ढेबर ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

5 आईफोन जब्त
आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित 05 नग आईफोन कीमती लगभग 5,00,000 रुपये जब्त कर कार्रवाई की गई। शोएब ढेबर पिता अनवर ढेबर उम्र 26 साल निवासी पॉम बेलाजियो फ्लैट नंबर 803 बी थाना खम्हारडीह रायपुर।