गणेश झांकी के चलते रायपुर में बदलेगी यातायात व्यवस्था, कई सड़कों पर वाहनों की एंट्री बंद

Follow Us

रायपुर। गणेश विसर्जन झांकी को लेकर 28 सितंबर को राजधानी की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक से होते हुए महादेव घाट पहुंचेगी। झांकी के निर्धारित मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यहां केवल झांकी में शामिल वाहन और पैदल श्रद्धालु ही जा सकेंगे। यातायात पुलिस ने दूसरे क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों को शाम 7 बजे के बाद वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

टाटीबंध से आने वाले वाहन महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन और फाफाडीह होते हुए शास्त्री चौक जा सकेंगे। इसके अलावा रिंग रोड नंबर-1 से पचपेड़ी नाका जाने का विकल्प रहेगा। भनपुरी से फाफाडीह, रेलवे स्टेशन और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध तथा फाफाडीह से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका की ओर जाने की व्यवस्था रहेगी। तेलीबांधा से शास्त्री चौक, फाफाडीह, रेलवे स्टेशन या कालीबाड़ी की ओर जाने वाले रास्ते खुले रहेंगे। पचपेड़ी नाका से टिकरापारा, कालीबाड़ी, महिला थाना, शास्त्री चौक और फाफाडीह होते हुए रेलवे स्टेशन तक पहुंचा जा सकेगा।

शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक-जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए भी अलग-अलग क्षेत्रों में पार्किंग तय की गई है। पंडरी से आने वाले मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में, सिविल लाइन क्षेत्र से आने वाले शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के किनारे वाहन खड़े कर सकेंगे। टिकरापारा-कालीबाड़ी क्षेत्र के लिए सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान, जबकि गुढ़ियारी-समता कॉलोनी क्षेत्र के लिए भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग निर्धारित है। सुंदरनगर और रायपुरा की ओर से आने वाले लोग लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे। यातायात पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित मार्गों से बचने और निर्धारित पार्किंग का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।