पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रखर विचारक और समाज सुधारक थे : उपराष्ट्रपति

Follow Us

नई दिल्ली । उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपराष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में श्री राधाकृष्णन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक प्रखर विचारक और समाज सुधारक थे। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानवतावाद का दर्शन भारतीय चिंतन और परंपराओं पर आधारित एक ऐसे सामंजस्यपूर्ण ढांचे की परिकल्पना करता है, जिसमें व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के बीच समन्वय स्थापित हो।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने जीवन में राष्ट्र और राष्ट्रसेवा को सदैव व्यक्तिगत हितों से ऊपर रखा। उनके विचार और जीवन राष्ट्रहित तथा समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं।उल्लेखनीय है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती प्रत्येक वर्ष 25 सितंबर को मनाई जाती है। उन्हें भारतीय राजनीतिक चिंतन में एकात्म मानववाद के प्रमुख विचारक के रूप में स्मरण किया जाता है।