हिमाचल BJP की कमान श्रीकांत शर्मा के पास बरकरार, दर्शना सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी

Follow Us

शिमला । भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में फेरबदल करते हुए कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। नई सूची में हिमाचल प्रदेश के लिए श्रीकांत शर्मा को प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, पच्छाद से भाजपा विधायक रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर का सह-प्रभारी बनाया गया है। श्रीकांत शर्मा पर फिर जताया भरोसा श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक प्रभारी की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है। वे उत्तर प्रदेश की मथुरा विधानसभा सीट से विधायक हैं और उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री भी रह चुके हैं। पार्टी संगठन में भी उन्होंने अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाली हैं।2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी बनाया गया था। इसके बाद उन्हें प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। अब नई नियुक्ति के साथ पार्टी ने हिमाचल में उनकी भूमिका जारी रखी है।

दर्शना सिंह को हिमाचल का सह-प्रभारी बनाया गया
उत्तर प्रदेश से भाजपा की राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को हिमाचल प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनका राज्यसभा का पहला कार्यकाल जुलाई 2022 में शुरू हुआ था।दर्शना सिंह लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़ी रही हैं। वह भाजपा महिला मोर्चा की उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। राजनीति में सक्रिय होने से पहले उन्होंने आकाशवाणी और दूरदर्शन के इलाहाबाद केंद्र में काम किया था।

रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी
हिमाचल प्रदेश की पच्छाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। जम्मू-कश्मीर में डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है और रीना कश्यप उनके साथ संगठनात्मक कामकाज में भूमिका निभाएंगी।रीना कश्यप पहली बार 2019 के पच्छाद विधानसभा उपचुनाव में विधायक चुनी गई थीं। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर पच्छाद सीट पर जीत दर्ज की। अब उन्हें हिमाचल से बाहर जम्मू-कश्मीर भाजपा के संगठनात्मक कामकाज की जिम्मेदारी दी गई है।

36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नियुक्तियां
भाजपा ने 23 सितंबर 2026 को कुल 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।हिमाचल प्रदेश के लिए श्रीकांत शर्मा और दर्शना सिंह की नियुक्ति हुई है, जबकि जम्मू-कश्मीर में सतीश पूनिया के साथ रीना कश्यप को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।