जगदलपुर। बस्तर में लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदी-नालों और तालाबों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। वहीं, शहर की निचली बस्तियों में भी पानी भरने की सूचना है।
स्थिति को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने महापौर संजय पांडे, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार सहित जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ प्रभावित और जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने तथा आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट रखने के निर्देश दिए।
किरण देव ने प्रभावित लोगों को आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद रहने कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने से कुछ गांवों का शहर से संपर्क प्रभावित हुआ है। वहीं, निचले इलाकों में घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आपदा प्रबंधन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
