मुंबई। अभिनेता आदर जैन और अलेखा आडवाणी ने अपनी शादी को अब आधिकारिक रूप से पंजीकृत करा लिया है। कपल ने मुंबई में मैरिज रजिस्ट्रेशन कराया और इसकी तस्वीरें आदर ने सोशल मीडिया पर साझा कीं। पोस्ट के साथ उन्होंने मजेदार अंदाज में लिखा कि उनका ‘ट्रायल पीरियड’ खत्म हो गया है और अब कोई वापसी या बदलाव नहीं होगा। आदर ने खुद को और अलेखा को आधिकारिक तौर पर मिस्टर और मिसेज जैन बताते हुए गणपति बप्पा का आशीर्वाद मिलने पर आभार जताया।
रजिस्ट्रेशन के मौके पर दोनों ने गणपति बप्पा की पूजा कर सुखी वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद लिया। तस्वीरों में आदर की मां रीमा कपूर और अलेखा की मां निनज आडवाणी भी नजर आईं। इस खास अवसर पर दोनों परिवारों में खुशी का माहौल दिखा। आदर ने चेरी रंग का कुर्ता और सफेद पायजामा पहना था, जबकि अलेखा लाल पारंपरिक परिधान, चोकर, झुमकों और लाल बांधनी दुपट्टे में नजर आईं।
आदर और अलेखा ने साल 2025 में शादी की थी। दोनों ने 12 जनवरी को गोवा में समुद्र किनारे निजी ईसाई समारोह में शादी की रस्में निभाईं, जिसके बाद 21 फरवरी को मुंबई में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह हुआ। अलेखा ने अपनी शादी में सब्यसाची मुखर्जी का डिजाइन किया हुआ लाल मखमली जरी का लहंगा पहना था, जबकि आदर आइवरी और सफेद शेरवानी में नजर आए थे। शादी में करीना कपूर, करिश्मा कपूर, रणबीर कपूर, नीतू कपूर, आलिया भट्ट और सैफ अली खान समेत कई फिल्मी सितारे शामिल हुए थे।

