बीजापुर। जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी बरामदगी मिली है। बेदरे थाना क्षेत्र के लंका पहाड़ी के जंगल में सर्चिंग और डिमाइनिंग के दौरान जवानों ने जमीन में छिपाकर रखे गए माओवादी डंप का पता लगाया। मौके से SLR/LMG, INSAS रायफल, .315 बोर की बंदूक, BGL लॉन्चर, ग्रेनेड और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए। तलाशी में 1 SLR/LMG, 1 INSAS रायफल, 1 .315 बोर बंदूक, 2 BGL लॉन्चर, 17 BGL सेल और 1 चाइना हैंड ग्रेनेड के साथ 49 SLR राउंड, 15 .315 बोर राउंड, 15 BGL कारतूस, 4 SLR मैगजीन और 1 .315 बोर मैगजीन सहित अन्य सामग्री मिली। सभी सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई और डंप से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।
सितंबर में बीजापुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी ऐसे कई डंप मिलने की जानकारी सामने आई है। 20 सितंबर को भैरमगढ़ क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से AK-47, .315 बोर हथियार, सिंगल शॉट, पिस्टल, कारतूस और मैगजीन बरामद हुए थे। 16 सितंबर को फरसेगढ़ के बड़ेआलवाड़ा जंगल से .315 बोर रायफल, 49 जिंदा राउंड, .303 के 25 राउंड, 12 बोर के 49 राउंड, 8 किलो जिलेटिन, वॉकी-टॉकी और अन्य सामान मिला था। 10 सितंबर को मिरतुर क्षेत्र के इंडरीपाल जंगल से नॉन-इलेक्ट्रिकल वायर के 7 बंडल, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद किए गए। वहीं 1 सितंबर को भोपालपटनम क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल से 12 बोर देशी कट्टा, BGL लॉन्चर, 8 BGL सेल और 12 बोर के 10 जिंदा राउंड समेत अन्य सामग्री मिली थी। सुरक्षा बलों की लगातार सर्चिंग के दौरान जंगलों में छिपाए गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के डंप बरामद किए जा रहे हैं।
