कोरबा। मोरगा चौकी क्षेत्र से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-130 पर लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा हुआ। पहले दुर्घटना में क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर खड़े ट्रेलर से मंगलवार को एक अन्य ट्रेलर टकरा गया। घटना के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात ब्रेकडाउन हालत में सड़क पर खड़े सरिया लदे ट्रेलर को पीछे से एक अन्य ट्रेलर ने टक्कर मार दी थी। इसके कुछ समय बाद एक और वाहन उसी क्षतिग्रस्त ट्रेलर से जा भिड़ा था। इस घटना में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हुए और एक चालक घायल हुआ था। मंगलवार को भी इसी स्थान पर एक और ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त वाहन से टकरा गया, जिससे कुल चार वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने घायल चालकों को इलाज के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने हाईवे के घाट क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि घाट के दोनों छोर पर स्पीड मॉनिटरिंग कैमरे लगाए जाएं और ऑनलाइन चालान की व्यवस्था की जाए। स्थानीय लोगों के अनुसार, ढलान वाले हिस्से में कुछ ट्रेलर चालक ईंधन बचाने के लिए वाहन को न्यूट्रल में चलाते हैं, जिससे नियंत्रण बिगड़ने की आशंका रहती है। हादसों के बाद हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठ रही है।
